विधानसभा चुनाव के रुझान शनिवार को सुबह नौ बजे से आने शुरू हो जाएंगे। जिले की तीनों विधानसभाओं की मतगणना के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में 42 टेबल सज गए हैं। सुबह आठ बजे से मतगणना कार्मिक मतों की गिनती शुरू कर देंगे। किसके सिर पर ताज सजेगा, उसका फैसला दोपहर बाद तक तय हो जाएगा। भदोही में 31, ज्ञानपुर में 28 और औराई में 26 राउंड में मतगणना होगी। शुक्रवार को एएसपी जियालाल यादव समेत अन्य अफसरों ने मतगणना स्थल का जायजा लिया।
सूबे में सात चरणों में होने वाला चुनाव आठ मार्च को संपन्न हो गया। सभी नेताओं से लेकर समर्थकों की निगाहें अब मतगणना पर टिक गई हैं। मतदान के दो दिन बाद ही शनिवार को मतगणना शुरू होगी। प्रशासन की ओर से मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा की गई है। भदोही और ज्ञानपुर की मतगणना कलेक्ट्रेट परिसर के दक्षिणी छोर पर बने भवन में होगी, जबकि औराई की गणना कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर होगी। मतगणना स्थल पर जिस स्थान पर टेबल लगाए गए हैं, उसके आसपास लोहे की जाली लगाई गई है। जाली के बाहर ही रहकर प्रत्याशियों के एजेंट जानकारी एकत्रित करेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि तीनों विधानसभाओं की गणना 14-14 टेबलों पर होगी। भदोही में मतों की गिनती 31 राउंड में की जाएगी। इसके अलावा ज्ञानपुर में 28 और औराई में 26 राउंड में मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि सुबह सात बजकर 30 मिनट पर स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। शनिवार दोपहर तक तीनों विधानसभा में चुनाव लड़ रहे 49 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला हो जाएगा। वहीं दूसरी ओर अपर पुलिस अधीक्षक जियालाल यादव ने गणनास्थल का जायजा लिया और जो खामियां थी उसे सही करने का निर्देश दिया।