अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के पहले दिन शनिवार को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा युवक पकड़ा गया। जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में दूसरी पॉली में बॉयोमीट्रिक जांच के दौरान वह पकड़ में आया। सूचना पर पुलिस उसे ज्ञानपुर कोतवाली ले गई। पकड़ा गया युवक चंदौली का रहने वाला है।
ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस के अनुसार जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज में गजेंद्र कुमार वर्मा पुत्र सुरेंद्र कुमार वर्मा निवासी कमालपुर, धीना चंदौली को दूसरी पाली में परीक्षा देना था, लेकिन उसके स्थान अरविंद पुत्र सीताराम निवासी माधवपुर धीना चंदौली परीक्षा देने पहुंचा।
मुख्य गेट पर सुरक्षाकर्मी उसकी सही ढंग से जांच नहीं कर सके। जिससे वह परीक्षा कक्ष के अंदर चला गया। इसके बाद पहचान पत्र और प्रवेश पत्र में चेहरे की समानता न होने पर जब बायोमेट्रिक मिलान किया गया तो मामला खुल गया।
आरोपी अरविंद कुमार को तुरंत परीक्षा कक्ष से बाहर निकाला गया और पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गजेंद्र दोस्त हैं। दोनों ने एक साथ आईटीआई की पढ़ाई की।
गजेंद्र वर्मा ने मुझसे कहा कि तुमने रेलवे के ग्रुप डी की परीक्षा को पास कर लिया है। अब पेट में उत्तीर्ण होने में मेरा सहयोग करो। इसलिए मैं उसकी जगह परीक्षा देने के लिए बैठा था। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।