औराई के बड़ौदा-यूपी बैंक शाखा आधार कार्ड बनवाने उमड़े लोग। संवाद
- फोटो : BHADOHI
औराई। बैंकों में आधार कार्ड बनाने की सुविधा मिली तो लोगों को आस जगी थी कि बैंक जाएंगे वहीं आधार भी बनेगा और बैंक का भी काम हो जाएगा, लेकिन कुछ बैंकों में इस तरह की अनियमितता की जा रही है कि ग्राहक परेशान हैं। दस-दस दिन से लोग चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन नंबर नहीं आ रहा। वहीं कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि जो सुविधा शुल्क दे रहे हैं उनका बिचौलिए जल्दी आधार बनवा दे रहे हैं। यदि बैंक प्रबंधन इसपर ध्यान दे तो ग्राहकों की समस्या का समाधान हो सकता है। औराई क्षेत्र के एक बैंक में आधार कार्ड बनवाने के लिए बार-बार चक्कर लगाने वाली लालती देवी ने बताया कि अभी तक उसका आधार कार्ड नहीं बन सका है। पांच दिन से नामित बैंक का चक्कर लगा रही हैं, लेकिन नंबर नहीं आ रहा है। दलाल पांच सौ सुविधा शुल्क लेकर नंबर लगवाने का आश्वासन दे रहे हैं। रामनाथ ने बताया कि आवास, शौचालय, बैंक में खाता खोलने में पूर्व से बने आधार कार्ड में नाम गलत हुआ है जिसको सुधरवाने के लिए 10 दिनों से चक्कर लगाने के लिए विवश हैं। भीड़ इतनी हो रही है कि दूसरे का नंबर आना मुश्किल है। जबकि नया आधार पूरी तरह नि:शुल्क बनता है और त्रुटि सुधार में 50 रुपये, बायोमैट्रिक सुधार में 100 रुपये शुल्क लगता है। दलालों की सक्रियता यह है कि उनको न अंदर आने से कोई रोक रहा है न जाने से। ललिया वनवासी, मंगरु वनवासी ने कहा कि उनका नंबर आने पर दलाल दूसरे लोगों से सुविधा शुल्क लेकर नंबर लगा दिया। इसको लेकर विवाद भी हुआ। बड़ौदा-यूपी बैंक औराई के शाखा प्रबंधक शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि नया आधार कार्ड नि:शुल्क बनता है। कई दिनों से शिकायत मिलने पर उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।