बाजार में नारायण दास की दुकान से थाना तक करीब 150 मीटर और पुरानी बाजार में करीब 150 मीटर हिस्से में दो वर्ष पहले रबर मोल्ड इंटरलॉकिंग का काम कराया गया था। इसके बावजूद सड़क और पटरी के ऊंचे-नीचे होने की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार में प्रतिदिन 20 हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में जर्जर सड़क और नीचे पड़ी पटरियां हादसे का कारण बन रही हैं।
सभासद रवि जायसवाल, जतन गुप्ता, मूलचंद गुप्ता, संतोष कुमार, अनिल कुमार और सुरेश कुमार ने बताया कि मुख्य बाजार का यह मार्ग बेहद व्यस्त है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने करीब 2500 मीटर पटरियों और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि समस्या संज्ञान में आई है। जल्द ही मौके का निरीक्षण कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। सड़क के दोनों किनारों पर इंटरलॉकिंग कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति और टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद समस्या का समाधान कराया जाएगा।