कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन दिखाते पेंशनर संघ। स्रोत संगठन
ज्ञानपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर शनिवार को कलेक्ट्रेट पर पेंशनरों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। मांग की कि केंद्रीय आठवें वेतन आयोग के टर्म्स ऑफ रेफरेंस में सेवानिवृत्त पेंशनरों के पेंशन पुनरीक्षण और अन्य लाभों को शामिल करने की मांग की है। अध्यक्ष विजयनाथ द्विवेदी ने कहा कि तीन नवंबर 2025 को जारी आठवें वेतन आयोग के संकल्प पत्र में पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन पुनरीक्षण का उल्लेख नहीं किया गया है। इससे देश के करोड़ों पेंशनरों के भविष्य पर संकट आने की आशंका है। पिछले सभी वेतन आयोगों में पेंशनरों के अधिकारों का विशेष उल्लेख होता था लेकिन आठवें आयोग में इसे छोड़ दिया गया है। ज्ञापन में न्यायालय के एक निर्णय का हवाला भी दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि पेंशन कर्मचारी की सेवा का प्रतिफल है, सरकार का दान नहीं। संगठन ने सरकार से आग्रह किया है कि आठवें वेतन आयोग को पूर्व सेवानिवृत्त पेंशनरों की पेंशन और अन्य लाभों पर सिफारिशें देने के लिए निर्देशित किया जाए। इस मौके पर बलेश कुमार मिश्रा, प्रभाशंकर मिश्रा आदि रहे। श्रीनिवास उपाध्याय, बलेश मिश्र, यदुपति दुबे, अरुण कुमार मिश्र, राजेंद्र तिवारी, सुखराज मौर्य, हूबलाल यादव, जीतनारायण यादव व अन्य थे।