भदोही। अपर आयुक्त आयकर रेंज-1 वाराणसी ऐहतेशाम अंसारी ने कहा कि समय पर करों के जमा होने से राष्ट्र समृद्ध होता है, इसलिए समय पर सरकार तक टैक्स की धनराशि पहुंचाना हर करदाता का कर्तव्य है।
आयकर का भुगतान केवल कानूनी दायित्व नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के निर्माण में हमारी भागीदारी का माध्यम भी है। वह बृहस्पतिवार को बाईपास मार्ग स्थित जीवनदीप ऑडिटोरियम में अग्रिम कर जागरूकता अभियान के तहत गोष्ठी में व्यापारियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार को आपसे मामूली अंशदान चाहिए होता है। यह संविधान के एक्ट में है। किसी भी एक्ट को तोड़ने से सीधे-सीधे कार्रवाई बनती है। इसलिए हम लगातार जनपदों में लोगों को अग्रिम कर के प्रति जागरूक कर रहे हैं। कहा कि हमारे आसपास की जो सड़कें, पुलों, अस्पताल आदि का निर्माण होता है। वह आपके टैक्स से ही होता है। बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में अग्रिम कर की दूसरी किस्त को आगामी 15 सितंबर तक जमा करना अनिवार्य है। इसलिए राष्ट्रहित में अपनी आय का आकलन कर समय पर एडवांस टैक्स का भुगतान करें।
आयकर अधिकारी भदोही सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 47655 पैन धारक हैं, जिसमें से 6363 पैन धारक ही आयकर भरते हैं।
कहा कि हम जनपदवासियों का इसलिए आभार व्यक्त करते हैं, क्योंकि वित्त वर्ष 2023-24 में जिले का कलेक्शन लक्ष्य के सापेक्ष 381 प्रतिशत और वित्त वर्ष 2024-25 में लक्ष्य के सापेक्ष 765 प्रतिशत अधिक रहा। कहा कि यदि आपकी अग्रिम कर की देनदारी दस हजार से अधिक हो तो एडवांस टैक्स भरना अनिवार्य है। इसके पूर्व गोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर हुआ।
सीए केपी दूबे ने संचालन किया। सहायक आयकर आयुक्त वाराणसी ए. संजय कृष्ण ने भी संबोधित किया।
डाॅ. एके गुप्ता, मड़ियाहूं विधायक डाॅ. आरके पटेल, एकमा उपाध्यक्ष राजेश कुमार, मानद सचिव पीयूष बरनवाल, डाॅ. आरके मौर्य, आईएमए सचिव डाॅ. आनंद श्रीवास्तव, सीए आरसी जायसवाल, सुहैल अतहर, आरसी जायसवाल, एके ठुकराल, समर यादव, आरके शुक्ला आदि उपस्थित रहे।