सुरियावां में पथ संचलन करते राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ। संवाद
सुरियावां/जंगीगंज। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर रविवार को सुरियावां, गोपीगंज, जंगीगंज और भिदिऊरा में पथ संचलन किया गया। इस दौरान राष्ट्रभक्ति के स्वर गूंजते रहे। गणवेश में सजे स्वयंसेवकों ने नगर के प्रमुख मार्गों से होकर अनुशासित प्रदर्शन किया। सुरियावां में 700 गणवेशधारी पथ संचलन में शामिल हुए। जंगीगंज के कलनुआ मंडल से पथ संचलन शुरू हुआ। बड़ागांव मोड़ होते हुए जंगीगंज बाजार, सीतामढ़ी मार्ग, सब्जी मंडी के रास्ते रुद्र तालाब पहुंच कर संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान सनातन संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान समाज को संगठित करने एवं समरसता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। यहां संघ चालक कैलाश, देवेंद्र सिंह, राकेश कुमार, ऋतुराज, संदीप आदि मौजूद रहे। सुरियावां में जोधराज सिंह तालाब से संचलन शुरू हुआ, जो पुरानी बाजार, अशोक नगर, बघेल कटरा, गल्ला मंडी तक संचलन किया गया। काशी प्रांत प्रचारक प्रमुख रामचंद्र ने बताया संचलन के दौरान 700 से अधिक लोग शामिल हुए। जिला सह संचालक डॉ. अजय पांडेय, राधेश्याम, आशीष वर्मा, अवधेश कुमार उमर, अश्वनी साहू, लोकेश आदि शामिल रहे। गोपीगंज में कबूतरनाथ मंदिर से अंजही मोहाल, खड़हट्टी, मिर्ज़ापुर रोड, जीटी रोड, सदर मोहाल, पश्चिम मोहाल होते हुए फूलबाग में संचलन संपन्न हुआ। संचलन मार्गों पर पालिका की तरफ से विशेष साफ-सफाई की गई थी। नगर संचालक अजय, अमित, शिव प्रसाद, विशाल, कमलेश आदि शामिल हुए।