केएनपीजी में पीसीसी-प्री परीक्षा से पूर्व लाइन में खड़े अभ्यर्थी। संवाद
ज्ञानपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस (प्रारंभिक) परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच आठ केंद्रों पर संपन्न हो गई। परीक्षा में इतिहास और गणित के प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझाया। कुछ अभ्यर्थी मायूस रहे तो कुछ के चेहरे पर मुस्कान दिखी। पंजीकृत 3552 में से 1661 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। आईजी, डीएम, एसपी समेत अन्य अफसरों ने केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था देखी। पीसीएस प्री परीक्षा को लेकर रविवार को सुबह सात बजे से ही काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज और जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर में अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक पहुंचने लगे। आठ बजे के बाद जांच कर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। पहली पाली में सुबह साढ़े नौ बजे से 11:30 बजे और दूसरी पाली में दोपहर ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक परीक्षा चली। सुरक्षा के मद्देनजर हर केंद्र के बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहे। केंद्रों पर मोबाइल फोन, घड़ी, ब्लू टूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। प्रवेश पत्र और पहचान पत्रों की गहन जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश मिला। अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच भी की गई। आईजी आरपी सिंह, डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने केएनपीजी समेत अन्य केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था को परखा। सभी केंद्रों के सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में मिले। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि पंजीकृत 3552 अभ्यर्थियों में 1661 अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों की 46.76 फीसदी उपस्थिति रही। कहीं से कोई नकल की सूचना नहीं है। दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई।