जंगीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के मडुआडीह-इलाहाबाद सिटी खंड पर रेल विकास निगम की ओर से निर्माणाधीन कार्यों में देरी किसी न किसी दिन यात्रियों के लिए मुसीबत बन जाएगी। खंड स्थित आधा दर्जन से अधिक स्टेशनों पर अभी तक पैदल पुल का निर्माण न होने से आए दिन ट्रेनों के क्रासिंग के समय एक-दूसरे प्लेटफार्मों पर पहुंचने के लिए यात्रियों में अफरातफरी मच रही है। समय रहते वाराणसी मंडल ने सक्रियता न बरती तो अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
पूर्वोत्तर रेलवे के जंगीगंज, अहिमनपुर, माधोसिंह, सरायजगदीश-अलमऊ हाल्ट पर रुक कर चलने वाली पैसेंजर और माघ मेला स्पेशल ट्रेनों से यात्रा करने वालों की संख्या दिनों दिन बढ़ रही है। सभी स्टेशनों के साथ-साथ हाल्टों पर पैदल पुल प्रस्तावित है, लेकिन कार्यदाई संस्थाओं के सुस्त पड़ जाने से यात्री ट्रेनों के आते-जाते समय ही ट्रैक को पार करना शुरु कर देते हैं। मामला चाहे प्लेटफार्म संख्या एक का हो या दो का वहां भी निर्माण जारी रहने से महिलाओं, युवतियों, दिव्यांग यात्रियों को जान हथेली पर रखकर आगे बढ़ना विवशता होती है। सप्ताह पूर्व सीएमडी, डीआरएम आदि ने भी स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य में हो रही देरी पर सब कांट्रैक्टरों की जमकर क्लास लगाई। जीडीसीएल को मार्च 2020 तक हर हालत में अधूरे कार्यों को पूरा करने की नसीहत मिल चुकी है बावजूद इसके लापरवाही से अफसर बाज नहीं आ रहे।