ज्ञानपुर नगर में सब्जी खरीदते लोग। संवाद
ज्ञानपुर। बारिश के कारण सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। मंडी में आवक न होने के कारण भिंडी, नेनुआ, टमाटर से लेकर अन्य सब्जियों के दाम 20 से 30 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं। दाल और सब्जी से टमाटर गायब होने लगा है। 40 रुपये प्रति किलो में बिकने वाला टमाटर 60 से 80 रुपये पहुंच गया है। शिमला मिर्च 100 से 120 और हरी मिर्च 180 रुपये किलो बिक रही है।
जिले में सब्जी के लघु सीमांत किसानों की संख्या 250 से 300 है। ज्यादातर हरी सब्जियां कछवां मंडी से जिले में आती हैं। बारिश का असर सब्जी के उत्पादन पर पड़ा है। टमाटर के साथ हरी मिर्च, शिमला मिर्च की कीमतों में तेजी आई है। हरी धनिया पत्ती 250 रुपये किलो बिक रही है। इससे गृहणियों के किचन का बजट बिगड़ गया है। ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज, ऊंज, जंगीगंज, सुरियावां, चौरी, औराई, सर्रोई, कस्तुरीपुर, मोढ़, अभोली आदि बाजारों सब्जी के दाम अलग-अलग हैं। गृहिणी कविता दूबे, मंजू श्रीवास्तव, कुसुम यादव, प्रिया दूबे आदि ने बताया कि सब्जी महंगी होने से किचन का बजट बिगड़ा है। जरूरत के अनुसार खर्च किया जा रहा है। ज्ञानपुर के दुकानदार रवि सोनकर ने बताया कि सब्जी की आवक मंडी में कम हुई है। इससे दाम बढ़े हैं।