ज्ञानपुर। प्रधानमंत्री के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लिए जिले को एक लाख 10 हजार विद्यार्थियों के पंजीकरण का लक्ष्य मिला है। निदेशालय से पत्र आने पर शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को पत्र जारी कर छात्र-छात्राओं के पंजीकरण का निर्देश दिया है। सभी छह ब्लॉकों में पंजीकरण पर निगरानी रखने के लिए छह नोडल शिक्षकों की तैनाती की गई है। जनवरी के अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। आगामी दिनों में यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएससीई बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। इन दिनों हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में पंजीकृत विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा तैयारी करने में जुटे हैं। बोर्ड परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों के मन में भय होता है। परीक्षार्थियों के मन से भय दूर करने के साथ तैयारी का मंत्र देने के लिए हर साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में हिस्सा लेते हैं। इसमें देशभर से गिने-चुने विद्यार्थी सीधे जुड़ेंगे, जबकि अधिकतर प्रसारण देखेंगे। परीक्षा पे चर्चा के लिए सभी बोर्ड के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का पंजीकरण शुरू हो गया है। इस साल एक लाख 10 हजार विद्यार्थियों के पंजीकरण का लक्ष्य तय हुआ है। इसमें शिक्षकों और अभिभावकों को भी पंजीकरण करना है। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि 12 दिसंबर से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एक लाख 10 हजार विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावकों का पंजीकरण करना है। सभी स्कूलों को पत्र जारी कर इसे प्राथमिकता से कराने का निर्देश दिया गया है। पंजीकरण में लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई की जाएगी।