जिले में आखिरकर दो नवंबर को धान खरीद की बोहनी हो गई। जंगीगंज क्रय केंद्र पर किसान ने 22 क्विंटल धान बेचे। पहले किसान का कर्मचारियों ने माला पहनाकर स्वागत किया। विभाग का मानना है कि एक सप्ताह में खरीद की रफ्तार तेज हो जाएगी।
जिले में धान खरीद के लिए विपणन के 17 और पीसीएफ के 11 केंद्रों सहित कुल 52 क्रय केंद्र खोले गए हैं। 66 हजार एमटी धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एक नवंबर से खरीद तो शुरू हो गई लेकिन पहले दिन हर केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा। बृहस्पतिवार को डीघ के दानीपट्टी के किसान गोपाल पांडेय ने जंगीगंज क्रय केंद्र पर 22 क्विंटल धान बेचा। क्रय केंद्र के प्रभारी विशाल आनंद अंबेडकर ने बताया कि किसानों के लिए सभी सुविधाएं केंद्र पर की गई हैं। यहां पर खरीद की शुरुआत हो गई है। उम्मीद है जल्द ही तेजी आएगी। जिला विपणन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि हाइब्रिड फसल कट चुकी है। डीघ ब्लॉक में इसकी रोपाई अधिक की गई है। इससे यहां के केंद्रो पर एक सप्ताह के अंदर खरीद शुरू हो जाएगी। अन्य केंद्रो पर 10 नवंबर से धान की खरीद में तेजी आने की उम्मीद है।