भदोही। बोनस व पीएफ की मांग को लेकर बुधवार को दर्जनों बुनकरों ने अपने कंपनी के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। बुनकरों का कहना था कि कंपनी द्वारा ठेकेदार के माध्यम से हम लोगों से काम लिया जा रहा था। हम सब पीएफ, बोनस, ईएसआई योजना के पात्र होते हुए भी अब ठेकेदार अपनी बात से मुकर रहा है। मामले में बुनकरों और ठेकेदार को बुधवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रतिमा मौर्य ने अपने कार्यालय बुलाकर वार्ता की। उन्होंने ठेकेदार को समस्त कागजातों के साथ 29 नवंबर को पुन: बुलाया है।
बुनकरों ने बताया कि कुंवर सिंह जायसवाल के ठेकेदारी में वे अब तक बुनाई करते आ रहे थे। लेकिन अब ठेकेदार को बदला जा रहा है। ऐसे में हम लोगों ने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई है। लोगों ने आज धरना के दौरान भी कहा कि ठेकेदार को बदल कर हमें अधिकारों से वंचित करने की योजना है। इसकी सूचना पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रतिमा मौर्य ने बुनकरों और ठेकेदार को अपने कार्यालय बुलाकर वार्ता की।
उन्होने बताया कि बुनकर तो कागजात लेकर आए थे लेकिन ठेकेदार कागज लेकर नही आए थे। इस पर उन्हों समस्त कागजातों के साथ 29 नवंबर को पुन: बुलाया गया है। धरने में राम आसरे, राम विलास, उमेश, रवि कुमार, सद्दाम, सुनील कुमार, शिवम, कमल दास, किशन, मुस्ताक अली, इरशाद, वीरेंद्र यादव, अशरफ अली आदि मजदूर प्रमुख रूप से मौजूद रहे।