ज्ञानपुर। एक नवंबर से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर लालानगर स्थित टोलप्लाजा पर सिक्सलेन दर की वसूली शनिवार से शुरू कर दी जाएगी। विरोध में संगठनों की ओर से आंदोलन की चेतावनी मिलते ही एनएचएआई ने पुलिस अधीक्षक को पाती भेज कर सुरक्षा व्यवस्था की विशेष मांग की है।
दो दिन पूर्व ही नए दर की वसूली का फरमान आने के बाद कई संगठनों ने शुक्रवार को जगह-जगह बैठक कर विरोध जताया और वैश्विक महामारी के दौर में आर्थिक तंगी का दंश झेलने वाले वाहन स्वामियों, चालकों, ट्रांसपोर्टरों के समर्थन में आंदोलन की चेतावनी दी। नई दर के लागू हो जाने से तीन गुना अधिक टैक्स देकर ही आगे बढ़ना होगा जो भारी पड़ेगा। इससे अब यही अंदाजा लगाया जा रहा है कि केंद्र और प्रदेश सरकार महामारी में खाली हुए खजाने को टोल टैक्स से भरने भरने की तैयारी में है, जिसे कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अश्वनी राय ने कहा कि प्रदेश के अन्य स्थानों पर चल रहे टोलप्लाजा पर अब तक फोरलेन दर से वसूली हो रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर सिक्सलेन का कार्य पूर्ण होने पर नए दर से वसूली का निर्णय मंत्रालय ने लिया है, जिसका पालन शनिवार से शुरू हो जाएगा। रही बात संगठनों के विरोध-प्रदर्शन और आंदोलन की तो सुरक्षा के लिए पुलिस अधीक्षक को पत्र प्रेषित किया जा चुका है। पूर्व संध्या तक टोलप्लाजा पर वसूली कार्य में कोई व्यवधान सामने नहीं आ सका लेकिन प्रबंधक शिवश्याम यादव, आनंद तिवारी ने शनिवार से शुरू होने वाली वसूली के समय पुलिस की मौजूदगी की जरूरत बताई।