परिषदीय स्कूलों के विलय को लेकर शिक्षक संघ मुखर हो गया है। बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह और मंत्री मनोज उपाध्याय के नेतृत्व में सांसद डाॅ. विनोद बिंद को पत्रक सौंपा। गोपीगंज स्थित कैंप कार्यालय पर पहुंचकर शिक्षकों ने समायोजन के आदेश को वापस लेने की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि इस आदेश से बच्चों का अहित होगा। कहा परिषदीय विद्यालयों में अधिकतर बच्चे गरीब परिवार से आते हैं। ऐसे में यदि विद्यालय बंद हो जाएंगे तो वह दूर दराज के विद्यालयों में शिक्षा हासिल करने कैसे पहुंचेगे। इससे वह शिक्षा से वंचित हो जाएंगे। इसके साथ ही इस आदेश से यह भी जाहिर होता है कि सरकार परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के पदों को समाप्त कर भर्ती नहीं करना चाहती है। पत्रक सौंपने वालों में दीपेंद्र त्रिपाठी, राजबली उपाध्याय, केके मौर्य, मनोज शुक्ल, आरपी दुबे, मुकेश पांडेय आदि रहे।