पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह-रामबाग रूट पर शुक्रवार को वाराणसी मंडल और रेल विकास निगम के संयुक्त देखरेख में दोपहर 12 बजे से लेकर 3.20 बजे तक ट्रेनों का परिचालन ठप रहा। इस दौरान हैवी क्रेन लगाकर कछवां और कटका रेलवे स्टेशनों पर अधूरे पड़े पैदल पुल पर गार्डर चढ़वाने का काम किया गया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे और जिले की पुलिस तैनात रही। इस संबंध में पीआरओ वाराणसी रेल मंडल अशोक कुमार ने बताया कि रूट पर प्रथम चरण में निगतपुर, दूसरे चरण में माधोसिंह तक विद्युतीकरण-दोहरीकरण कार्य पूरा कराकर इलेक्ट्रिक इंजन ट्रेनों की गति बढ़ाई गई। जबकि तीसरे चरण में माधोसिंह से हंडिया तक कार्य निर्माणाधीन है। पैदल पुल से छोटे-बड़े स्टेशनों को जोड़ने से यात्रियों को एक-दूसरे प्लेटफार्म पर पहुंचने, ओवरहेड तार से होने वाली घटनाओं को रोकना रेलवे की प्राथमिकता है। काम पूरा होने पर ब्लाक को समाप्त कराकर ट्रेनों का परिचालन शुरू करायागया। इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक विकास चंद्रा, सत्यम कुमार सिंह, एसएन साहू आदि मौजूद रहे।