जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर बुधवार को तहसीलदार विजय यादव ने जंगीगंज सहकारी समिति पर छापेमारी की। इस दौरान यूरिया व डीएपी खाद वितरण रजिस्टर की जांच करते हुए खाद वितरण रजिस्टर के आधार पर संबंधित किसानों के घर पहुंच कर भौतिक सत्यापन किया गया। जिसमें कई अनियमितताएं मिलीं।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने जोधापुर निवासी शकील और संतोष कुमार को सहकारी समिति के वितरण रजिस्टर में 24 अक्तूबर की तारीख में क्त्रस्मश: 8 बोरी यूरिया और 7 बोरी डीएपी खाद ले जाना अंकित मिला, लेकिन स्थलीय सत्यापन में दोनों ने बताया कि हमें किसी भी प्रकार की खाद सहकारी समिति से नहीं मिली है। वहीं जोधापुर के ही सुरेश कुमार ने 4 बोरी, मऊरामशाला निवासी सिद्धनाथ 7 बोरी डीएपी खाद मिलान पर सही मिला। रजिस्टर पर श्यामधर मौर्य निवासी असईपुर का रजिस्टर में 8 बोरी डीएपी का अंकित रहा, लेकिन मिलान में केवल तीन बोरी यूरिया खाद मिलने की पुष्टि हुई।
दूसरी तरफ तहसीलदार ने क्रय केंद्र प्रभारी से पूरा अपडेट खाद वितरण रजिस्टर व स्टॉक रजिस्टर मांगा, लेकिन प्रभारी उपलब्ध नहीं करा सकें। बताया कि उन्होंने वितरण रजिस्टर नहीं बनाया है। उन्होंने तहसीलदार के सामने जो रजिस्टर प्रस्तुत किया, उसमें 31 मार्च 2022 तक ही डीएपी वितरण अंकित मिला। जिसमें 14 बोरी अवशेष दिखाया गया था, लेकिन मौके पर गोदाम में 266 बोरी उपलब्ध मिली। इस संबंध में तहसीलदार विजय यादव ने बताया कि डीएम के निर्देश पर निरीक्षण किया गया। जल्द ही रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि खाद वितरण में अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रिपोर्ट मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।