ज्ञानपुर। घोसिया नगर पंचायत में तीन करोड़ 32 लाख की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। नगरोदय योजना के तहत स्वीकृत धनराशि से दो ओपेन जिम, एक सीसी रोड और एक बरात घर का निर्माण कराया जाएगा। जिसमें बरात का निर्माण सीएनडीएस कराएगा। नगर पंचायत के प्रस्ताव पर शासन की ओर से धनराशि आवंटित कर दिया गया है। जल्द ही इनका निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
निकायों के विकास को लेकर लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। शासन की ओर से नगरों में तमाम कार्यों के लिए प्रमुखता से धनराशि आवंटित की जा रही है। शासन की ओर से अलग-अलग योजनाएं भी संचालित की जा रही है। इसी कड़ी नगरोदय योजना के तहत घोसिया नगर पंचायत को तीन करोड़ 12 लाख रुपये आवंटित किया गया है। जिससे करीब 12 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा 10-10 लाख की लागत से दो ओपेन जिम और तीन करोड़ की लागत से गांधी चबूतरा के पास बरात घर का निर्माण कराया जाएगा। नगर पंचायत चेयरमैन बेबी एबरार ने बताया कि नगर के विकास को लेकर पहले ही प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया था। अब प्रस्ताव पर स्वीकृति भी मिल चुकी है। बरात घर, ओपेने जिम के लिए जमीन भी चिन्हित कर लिए गए हैं। जल्द ही विकास कार्य होंगे। ईओ घोसिया जितेन्द्र सिंह ने बताया कि नगर में सामुदायिक भवन, दो ओपेन जिम और एक सीसी रोड बनाया जाना है। जिसमें सीसी रोड और ओपेन जिम का कार्य नगर पंचायत कराएगा। वहीं तीन करोड़ से बनने वाले बरात घर का निर्माण कार्यदायी संस्था सीएनडीएस कराएगी।