भदोही एक्सपो मार्ट का मुख्य द्वार के सामने बह रहा 7 मीटर चौड़ा खुला नाला
- फोटो : BHADOHI
भदोही। कारपेट सिटी में बने भदोही एक्सपो मार्ट के मुख्य द्वार के सामने 7 मीटर चौड़े खुले नाले को ढके जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके लिए शासन ने 1.97 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं। इसके निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। ये नाला 200 करोड़ की लागत से बने भव्य इमारत की सुंदरता को फीका कर रहा था। नाले को ढकने की मांग एक वर्ष से हो रही थी लेकिन ऐसे समय पर स्वीकृति मिली है जब अंतरराष्ट्रीय मेले का आयोजन है। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) आगामी 15 अक्तूबर से यहां चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले का आयोजन करने जा रही है। मेले में 60 देशों के 350 कालीन आयातकों समेत देश भर के कालीन उत्पादक अपने आकर्षक, मखमली कालीनों का प्रदर्शन करेंगे। मार्ट के ठीक सामने 7 फीट चौड़ा खुला नाला सीईपीसी को ही नहीं कालीन निर्यातकों को भी दो वर्षों से खटक रहा है। देश-विदेश से यहां आने वाले खरीदारों के सामने यह नाला मार्ट की भव्यता को फीका कर रहा था। इसको देखते हुए सीईपीसी ने नाले को ढकने की मांग की थी। इस पर भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) से आगणन तैयार कराया गया। लोग उम्मीद लगाए बैठे थे कि अक्तूबर से पहले पहले नाले को ढक दिया जाए ताकि मेले के आयोजन में यह नाला खलल न डाले। कई निर्यातकों ने तो इससे दुर्घटना की आशंका जताई थी। देर से ही सहीं नाले के ढकने का प्रस्ताव शासन ने स्वीकृत कर फाइल पीडब्लूडी को भेज दी है। इस बारे में अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी, एसबी राव ने बताया कि फाइल स्वीकृत हो कर प्राप्त हो चुकी है। अब इसके टेंडर की प्रक्रिया की जाएगी जिसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। हालांकि अक्तूबर माह में होने वाले एक्सपो से पहले इसका निर्माण संभव नहीं है। भरत लाल मौर्य का कहना है कि ये नाला इतना चौड़ा है कि इसमें एक कार भी समा सकती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर का कालीन मेला आयोजित हो रहा है। ऐसे में इसे उच्च प्राथमिकता पर रखना चाहिए था। श्याम नारायण यादव ने कहा कि देर आए दुरुस्त आए। यह नाला विदेशों से यहां आने वाले अतिथियों के सामने एक्सपो मार्ट की अच्छी छवि प्रस्तुत नहीं करेगा, लेकिन फिर भी इसके ढकने की सूचना से खुशी मिली है।