घोसिया। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार से सीएचसी व पीएचसी समेत जिला स्तरीय सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का समय बदल दिया है। अब ओपीडी सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक चलेगी। पूर्व में यह समय सुबह 10 से अपराह्न चार बजे तक निर्धारित था। औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अंबरीश सिंह ने बताया कि बदली व्यवस्था के तहत शुक्रवार को महिला चिकित्सक प्रियंका मिश्रा के साथ दो सदस्यीय टीम ने पूनम देवी निवासी औरंगाबाद, महिमा देवी निवासी नरथुआ का आपरेशन से प्रसव कराकर जच्चा-बच्चा की देखभाल की जा रही है। ऑपरेशन कराने वाली महिलाओं को पांच-छह दिन में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके चक ने कहा कि ओपीडी के समय परिवर्तन का सख्ती से पालन और महिला मरीजों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं देना विभाग की प्रमुखता रहेगी।