सर्रोई। भदोही कोतवाली क्षेत्र के चकभवानीगिरी गांव में रविवार को मोरवा नदी में डूबने से महेश गिरी (58) की मौत हो गई। वह मछली मारते समय डूब रहे एक युवक को बचाने के लिए गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बारिश शुरू होने के साथ मोरवा नदी में जलस्तर बढ़ गया है। रविवार की सुबह भी गांव से कई लोग नदी में मछली मार रहे थे। इसी दौरान जितेंद्र गिरी नामक युवक गहरे पानी में चला गया, जिसे बचाने के लिए महेश गिरी पानी में उतर गया। जितेंद्र तो बच गया लेकिन महेश डूब गया। कुछ देर बाद जब महेश गिरी पानी से नहीं निकला तो अन्य लोगों की चिंता बढ़ गई। कुछ लोग नदी में उतरकर उसे बाहर निकाले, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। आनन-फानन में महेश को भदोही स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों के मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। रजपुरा चौकी प्रभारी महेंद्र पटेल ने हलका लेखपाल अवधेश तिवारी, ग्राम प्रधान दीपक तिवारी की मौजूदगी में पंचनामा कर शव को कब्जे में ले लिया।