घोसिया। औराई थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव कटका पड़ाव में बृहस्पतिवार को दोपहर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर कल्पनाथ सिंह (40) निवासी चकौड़ा की मौत हो गई। जानकारी होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार चकौड़ा निवासी कल्पनाथ सिंह हाइवे के दक्षिणी लेन से औराई की ओर आ रहे थे। इस बीच एक वाहन उन्हें धक्का मारते हुए निकल गई। घटना के बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें औराई सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक एनपी सिंह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।