डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को केंद्र सरकार के वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन प्लेटफार्म विषयक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डाॅ. रूस्तम अली ने किया। उन्होंने वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन के उद्देश्य और महत्व बताए। प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि सरकार शिक्षा पर व्यापक जोर दे रही है। छात्रों, शोधकर्ताओं के लिए ही यह प्लेटफार्म लांच किया गया है जिसके माध्यम से आप शैक्षणिक व शोध सामग्री प्राप्त कर सकते हैं। वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन के प्रभारी डाॅ. अमर कृष्ण यादव ने बताया कि वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन भारत सरकार की अनूठी पहल है। इस एकमात्र सहज और सस्ती सब्सक्रिप्शन से लाखों छात्र लाभान्वित हो रहे हैं। इसके माध्यम से आप मनचाहे शैक्षणिक जर्नल्स और शिक्षण सामग्री आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। बताया कि वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन लेने के बाद आप कम खर्चे में अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स और डेटाबेस तक पहुंच बना सकते हैं। साथ ही अलग अलग संस्थानों के महंगे सब्सक्रिप्शन लेने की आवश्यकता नहीं होगी। अंग्रेजी विभाग के प्रभारी डाॅ. अमित तिवारी ने बताया कि इससे छोटे और बड़े संस्थानों में संसाधनों की असमानता कम होगी। इस प्लेटफार्म पर 30 अग्रणी अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों की 13 हजार से अधिक उच्च-प्रभाव वाली पत्रिकाओं तक पहुंच आसान होगा और छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता बेहतर होगी। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और विकसित भारत - 2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप है जो शिक्षा में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगी।