घोसिया। औराई कोतवाली क्षेत्र के सहसेपुर गांव के सामने रविवार को पिकअप और बाइक की भिड़ंत में सुरेश (22) निवासी मुजहरा मिर्जापुर की मौत हो गई जबकि मौसेरा भाई घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर हालत चिंताजनक होने परचिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पिकअप छोड़ चालक फरार हो गया।
मिर्जापुर के चील्ह थानाक्षेत्र के मटिया मुजहरा गांव निवासी पुनवासी का पुत्र सुरेश अपनी रिश्तेदारी औराई कोतवाली क्षेत्र के तिउरी गांव में आया था। वह अपने मौसेरे भाई नीरज के साथ एक ही बाइक से रविवार को दोपहर में घर जा रहा था। वह जैसे ही सहसेपुर के पास पहुंचा कि सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। घटना स्थल पर ही सुरेश की मौत हो गई, जबकि नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खबर मिलने पर परिवार वालों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलते ही परिवारी जन और रिश्तेदार भी कोतवाली पहुंच गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। मृतक सुरेश दो भाइयों में छोटा था, वह अभी पढ़ाई कर रहा था। कोतवाली प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि दुर्घटना ग्रस्त वाहन को कब्जे में लिया गया है।