ज्ञानपुर। नगर के वार्ड नंबर 11 में एक महिला ने फंदे पर लटककर जान दे दी। उसके पति की छह साल पहले मौत हो गई थी। तब से मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड नंबर 11 निवासी प्रेमा देवी (62) के पति स्व. सीताराम रावत की छह साल पहले की मौत हो गई थी। घर में वे अपने दो बेटे संजय रावत और अखिलेश रावत और बहू के साथ रहती थीं। इनके दोनों बेटे बिजली विभाग में संविदा पर नौकरी करते थे। हर दिन की तरह शुक्रवार की रात पूरा परिवार खा-पीकर सो गया। इस बीच रात में उठी प्रेमा देवी ने घर के बरामदे में लगे रोशनदान के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। सुबह जब घर के लोग उठे तो उन्हें रोशनदान के सहारे लटकता देख सन्न रह गए। आानन-फानन ने इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक प्रेमा देवी को एक साल पहले सर में चोट लग गई थी। जिसके बाद से ही उनकी दिमागी हालत ठीक नहीं रहती थी। अक्सर वे घर से भाग जाती थी। शुक्रवार की रात उन्होंने ऐसा कदम उठा लिया।