भदोही। कोतवाली अंतर्गत नगर के दरोपुर मोहल्ले में गत मंगलवार को एक छुट्टा सांड़ के हमले में घायल 82 वर्षीय लालता यादव भगत का शुक्रवार को निधन हो गया। परिजनों के मुताबिक छुट्टा सांड़ के हमले में उनके चेहरे, सीने में गंभीर चोट लगी थी। उनका उपचार राजकीय महाराजा बलवंत सिंह चिकित्सालय में कराया गया था। तब से वे घर पर उपचाराधीन थे जहां शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। वार्ड सभासद सुजीत यादव ने बताया कि मंगलवार को दोपहर लालता अपने 6 वर्षीय पौत्र को साथ लेकर टहलाने निकले थे। घर लौटते समय सांड़ ने हमला कर दिया था।
सभासद ने कहा कि नगर में छुट्टा पशुओं का आतंक बना हुआ है। कोई भी मोहल्ला हो मुख्य मार्ग छुट्टा पशुओं से पटा रहता है। नगर पालिका भी कुछ दिन कार्रवाई कर शांत होकर बैठ गई थी। बताया कि मृतक के बेटे ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की है जिसमें पालिका के अधिशासी अधिकारी ने गलत रिपोर्ट दी है। सभासद ने कहा कि नगर की बात छोड़िए अकेले दरोपुर में एक दर्जन छुट्टा पशु आतंक के पर्याय बने हुए हैं जो कइयों को घायल भी कर चुके हैं। बच्चों और वृद्धों की सुरक्षा देखते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार और नगर पालिका से आवारा पशुओं के विरुद्ध अभियान चलाने की मांग की है ताकि आन नागरिक निडर होकर शहर में आ जा सके। उधर दरोपुर निवासी पूर्व सभासद पन्नालाल यादव ने प्रदेश सरकार से मृतक लालता यादव के परिजनों को पांच लाख मुआवजा दिए जाने की मांग की।