औराई। कोतवाली क्षेत्र के लक्षमणिया निवासी 70 वर्षीय शीतलु की सोमवार को जीटी रोड जयरामपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें औराई सीएचसी ले गए, जहां उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। स्थिति में सुधार न होता देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। रास्ते में ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक शीतलु सोमवार को घोसिया बाजार में काम करने गए थे। काम समाप्त करने के बाद वे पैदल ही घर लौट रहे थे। जहां रास्ते में जीटी रोड जयरामपुर के पास वे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी औराई पहुंचाया। जहां डॉक्टरों उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए ज्ञानपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन यहां भी कुछ लाभ नहीं हुआ। डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जहां रास्ते में ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र जीत लाल सरोज ने अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।