जिले के सभी 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की देखरेख अब अफसरों की जिम्मेदारी होगी। डीएम आर्यका अखौरी के निर्देश पर सभी पीएचसी को जिला स्तरीय अधिकारियों ने गोद ले लिया। हर सप्ताह अधिकारी केंद्रों का जायजा लेंगे। वहां स्वास्थ्य सुविधाओं संग, पानी, बिजली समेत अन्य समस्याओं को दूर कराएंगे। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को लेकर स्वास्थ्य विभाग अपनी तैयारियों में जुटा है। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की तरह तीसरी लहर संकट पैदा न कर दे, इसके लिए ऑक्सीजन प्लांट से लेकर बेड तक की व्यवस्था की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि मरीजों को वेंटीलेटर और आक्सीजन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक संसाधन बढ़ा लिए गए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पटरी पर लाने के जिला अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने 17 पीएचसी को गोद लिया है। सीडीओ भानु प्रताप सिंह ने करियांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बीडीओ सुरियावां ने हरिहरपुर, अपर उपजिलाधिकारी ने महजूदा, बीडीओ अभोली ने दुर्गागंज, उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर ने कसियांपुर,बीडीओ ज्ञानपुर ने चकटोडर और तहसीलदार ज्ञानपुर ने कटरा को गोद लिया है। बीडीओ डीघ ने सेमराध एसडीएम ज्ञानपुर ने जंगीगंज, डीएम आर्यका अखौरी ने लाला नगर,एसडीएम औराई ने गिर्दबड़गांव, बीडीओ औराई ने डेरवां, बीडीओ भदोही ने ममहर, उप निदेशक कृषि ने जयरामपुर,एसडीएम भदोही ने मईहरदोपट्टी, बीएसए ने अमिलौरी, अपर जिला अधिकारी भदोही ने स्वास्थ्य केंद्र नई बाजार को गोद लिया है ।