लालानगर। राजमार्ग पर यात्रा के दौरान वाहन स्वामियों और चालकों को अब जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी। टोल टैक्स की दर में फिर वृद्धि कर दी गई है। आगामी एक नवंबर से अब तीन गुना ज्यादा टैक्स अदा करना पड़ेगा। लालानगर टोल टैक्स पर भी रिवाइज रेट बोर्ड लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।
प्रयागराज से वाराणसी के बीच राजमार्ग पर बन रहे ओवरब्रिज और अंडरपास चालू हो गए हैं। ओवरब्रिज और अंडरपास पर आवागमन शुरू होने के बाद राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से टोल टैक्स में भी वृद्धि कर दी गई है। भूतल परिवहन मंत्रालय की ओर से अधिसूचना जारी होने के बाद टोल टैक्स की दर में परिवर्तन किया जा रहा है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अश्वनी कुमार राय ने बताया कि शासन के निर्देश पर टोल टैक्स की दर में वृद्धि की गई है। कार, जीप, वैन आदि हल्के वाहनों से एकल यात्रा पर 60 रुपये से बढाकर 185 रुपये टोल टैक्स वसूला जाएगा। छोटे माल वाहक को 90 की जगह 300 रुपये, बस और ट्रक चालकों को 195 की जगह अब 600 रुपये टोल टैक्स देना पड़ेगा। 12 या उससे अधिक चक्के के ट्रकों से तीन गुना टोल लिया जाएगा। मासिक पास में भी 30 रुपये की वृद्धि की गई है। उनसे 245 की बजाए अब 275 रुपये देना होगा। मासिक पास टोल टैक्स से 20 किलोमीटर के दायरे वालों को ही जारी किया जाएगा।