मामदेवपुर में 80 मीटर सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने से नगर में जलजमाव की समस्या के निदान के लिए नगर पालिका प्रशासन जुटा है। अधिशासी अधिकारी अली हसन और सपा जिलाध्यक्ष मो. आरिफ सिद्दीकी ने सोमवार को मौके पर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और यह भी स्पष्ट किया कि इसमें अभी दो सप्ताह और लग सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि गत जनवरी माह में सीवर क्षतिग्रस्त होने के बाद से जलनिकासी ठप है और कई मोहल्लों में पानी लगा हुआ है।
नगर के विभिन्न मोहल्लों में जलभराव पर नागरिकों की समस्या देखते हुए चैयरमैन महलका सिद्दीकी ने अधिशासी अधिकारी से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त सीवर को ठीक कराकर निकासी बहाल कराने का निर्देश दिया है।
इस पर ईओ आज अपने मातहतों के साथ मामदेवपुर पहुंचे और चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया काम बड़ा नहीं है, लेकिन मुश्किल अवश्य है। बताया कि नगर से भारी मात्रा में पानी खोदाई हुए क्षेत्र में उमड़ रहा है।
इससे निर्माण कार्य में बाधा आ रही है। कहा कि निर्माण कार्य जमीनी सतह से लगभग 30 फीट नीचे जाकर कराया जा रहा है इसलिए और दिक्कत हो रही है।
मौके पर पालिका के जेई अवधेश सिंह ने बताया की मामदेवपुर आईपीएस से 80 मीटर सीवर लाइन ध्वस्त हो गई थी। 30 फीट नीचे काम करने के लिए 40 फीट गहराई तक खोदाई की गई है।
काम करने के लिए पानी रोकने की भी व्यवस्था की गई है जो नाकाफी साबित हो रही है। इससे दिक्कत हो रही है। बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था कर कार्य तेज गति से कराया जा रहा है।
चार में तीन चैंबर बन चुके हैं। अभी भी व्यवस्था सुचारू करने में 15 दिन का समय लग सकता है। सोमवार को सपा जिलाध्यक्ष ने पालिका अधिकारियों को समस्या को गंभीरता से लेने का आह्वान किया।