ज्ञानपुर। जिले की ग्राम पंचायतों में अब नाली, खड़ंजा, इंटरलाकिंग सहित अन्य विकास कार्यों का खाका इंजीनियर तैयार करेंगे। शासन से भेजे गए 20 इंजीनियर ने डीपीआरओ कार्यालय में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। राज्य वित्त एवं 15वें वित्त की धनराशि के बनने वाले स्टीमेट में दो फीसदी कमीशन उन्हें दिया जाएगा। अभी तक उनका कार्यक्षेत्र आवंटित नहीं हो सका है।
जिले की 546 ग्राम पंचायतों में 1200 से अधिक राजस्व गांव हैं। महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, राज्य वित्त और 15वें वित्त से गांव में तमाम विकास कार्य कराए जाते हैं। तकनीकी कार्यों को कराने के लिए ग्राम पंचायतों को अब तक लोक निर्माण, आरईएस सहित अन्य विभागों के इंजीनियर पर आत्मनिर्भर रहना पड़ता था। जिसके कारण समय से काम पूर्ण नहीं हो पाता। इस समस्या को खत्म करने के लिए शासन ने हर जिले में 25-25 इंजीनियर भेजे हैं।
जो राज्य और 15वें वित्त से होने वाले विकास कार्यों का स्टीमेट बनाएंगे। जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि 20 अभियंताओं ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पांच इंजीनियर सोमवार तक आएंगे। सभी के आने पर उनका कार्यक्षेत्र आवंटित किया जाएगा। अवर अभियंताओं के आने से गांव के विकास कार्यों में तेजी आएगी। सचिव और प्रधान को दूसरे विभागों पर निर्भर नहीं रहना होगा। उन्होंने बताया कि होने वाले कार्य का दो फीसदी कमीशन इंजीनियर को दिया जाएगा।