ज्ञानपुर। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के घर का सपना देख रहे 42 हजार से अधिक परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। अब पूरी पात्रता ग्राम सभा की खुली बैठक में तय होगी। गांव की चौपाल पर ही यह फैसला होगा कि कौन सच में हकदार है और कौन सूची से बाहर होगा। पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराने के लिए 31 दिसंबर 2024 से सर्वे शुरू हुआ था। 30 जून तक सभी 546 ग्राम पंचायतों में खुली बैठक होनी है।
गरीबों को आशियाना उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने 10 साल पहले प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू किया था। 2016-17 से अब तक 38 हजार से अधिक जरूरतमंदों को आवास आवंटित हो चुके हैं। इनमें अधिकतर पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कुछ आवास अधूरे हैं। 2023 में स्वीकृत 407 और 2024 में 161 आवासों के बाद कोई लक्ष्य तय नहीं हुआ। साल 2018 में आवास प्लस के तहत हुए सर्वे में चयनित पात्रों को योजना का लाभ दिया गया था। 2024 में शासन ने फिर कुछ बदलावों के साथ योजना के लिए सर्वे कराने के आदेश जारी किए।
दिसंबर 2024 तक सर्वे कर आवेदन लिए गए। इससे छह ब्लॉकों से 62 हजार 395 लोग आवास की कतार में लग गए। इसके बाद ब्लॉक और जिला स्तर पर गठित टीम ने सर्वे में चयनित लाभार्थियों की क्रॉस चेकिंग की। योजना में मिलेंगे 1.20 लाख रुपये : पीएम आवास योजना के तहत हर पात्र लाभार्थी को कुल 1.20 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसमें 40 हजार की पहली किस्त, 70 हजार की दूसरी और 10 हजार अंतिम किस्त दी जाएगी। इसके अलावा 90 दिन की मजदूरी के लिए 21,330 और शौचालय निर्माण के लिए 12,000 रुपये अलग से मिलेंगे।