ज्ञानपुर। कान्वेंट विद्यालयों की तर्ज पर अब बेसिक शिक्षा विभाग के संचालित परिषदीय विद्यालयों में भी डबल स्टोरी भवन दिखाई देंगे। शासन से नई व्यवस्था के तहत विद्यालयों में एक डबल स्टोरी भवन के निर्माण की पहल की है। जिले के तीन विद्यालयों में एक कक्षीय डबल स्टोरी भवन के निर्माण की स्वीकृति देते हुए 16 लाख रुपये की दर से धनराशि भी आवंटित कर दी है। इसी के साथ महकमा भवन निर्माण की कवायद में जुट चुका है।
जिले में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। स्कूलों में दो से ढाई दशक पूर्व बने भवन जर्जर हो चुके हैं। इसके लिए हर साल शासन स्तर से एक कक्षीय भवन आवंटित किया जाता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी वैसे तो 12 नए स्कूल निर्माण और 25 से एक कक्षीय भवन स्वीकृत हुए हैं। अब नर्सरी और कान्वेंट विद्यालयों की तर्ज पर परिषदीय विद्यालयों को सुविधा संपन्न बनाने को लेकर तमाम कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
विद्यालयों में टाइल लगाने से लेकर पेयजल, शौचालय, चारदीवारी से लेकर भवन के मरम्मत व निर्माण तक को लेकर 18 बिंदुओं पर विद्यालयों को संतृप्त करने के लिए राज्य वित्त आयोग से धनराशि खर्च करने की छूट दी गई है। अब शासन की ओर से दो और तीन मंजिला के भवनों में चल रहे कान्वेंट स्कूलों की तरह परिषदीय स्कूलों के भवन भी बनवाए जाने की पहल की है। पहली बार परिषदीय विद्यालयों में डबल स्टोरी भवन बनेंगे। संवाद