महराजगंज। 32 लाख की लागत से ढाई साल पहले बनी बसंतापुर जाने वाली सड़क में आई दरार भरने के लिए अब लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत के नाम पर पैच लगाने का काम शुरु कर दिया है। हालांकि, ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाया है। आरोप है कि पहली बारिश में ही गिट्टियां बह जाएंगी। सड़क की हालत फिर पहले जैसी हो जाएगी। इस सड़क का निर्माण औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर ने साल 2021 में अपनी निधि से कराया था। इसमें कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग का तीन साल का मेंटनेंटस भी शामिल था। ढाई साल से पहले ही सड़क कई स्थानों पर टूट गई। तीन जून के अंक में अमर उजाला ने उक्त सड़क की समस्या को प्रकाशित किया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारी हरकत में आए। ग्राम प्रधान कंसापुर शिवशंकर जायसवाल ने कहा कि सड़क की मरम्मत डामरीकरण से नहीं किया जाता है। इस संबंध में सहायक अभियंता लोक निर्माण सुभाष चंद्र मौर्य ने कहा कि सीसी सड़क पर डामरीकरण किया जा सकता है। वाराणसी समेत कई जिलों में ऐसी सड़कें अच्छी चल रही हैं।