ज्ञानपुर। उच्च शिक्षा एवं माध्यमिक विद्यालयों की तरह अब परिषदीय विद्यालयों में भी बैंड धुन गूंजेगा। शासन ने 250 से अधिक छात्र संख्या वाले जिले के 40 विद्यालयों का चयन कर बैंड सेट और बैंड यूनिफार्म की खरीद के लिए 27 लाख जारी कर दिए हैं। शिक्षा विभाग स्कूलों के खाते में यह धनराशि भेजने की कवायद में जुटा है।
जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, कंपोजिट विद्यालय और कस्तूरबा गांधी विद्यालय संचालित हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम से लेकर अन्य गतिविधियों में परिषदीय विद्यालय के बच्चे स्कूली या सामान्य यूनिफार्म में अपनी प्रस्तुति देते थे, लेकिन अब इन बच्चों के लिए शासन स्तर से बदलाव किया गया है। नए शिक्षा सत्र से पहले बैंड यूनिफार्म और बैंड सेट खरीद के लिए जिले के 40 विद्यालय का चयन किया गया है। जिन स्कूलों में 250 से अधिक विद्यार्थी हैं। वहां के 760 बच्चों को यूनिफार्म और बैंडसेट खरीद के लिए निदेशालय ने पैसा जारी कर दिया है। इसमें बैंड यूनिफार्म के लिए 15 लाख और बैंड सेट के लिए 12 लाख भेजा गया है। इससे विद्यालय के बच्चे स्कूल बैंड का उपयोग प्रार्थना सभा, राष्ट्रीय पर्व, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी, मार्च पास्ट, खेल गतिविधियों, स्काउट-गाइड और एनसीसी गतिविधियों में कर सकेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि बैंड सेट और बैंड यूनिफार्म के लिए 27 लाख स्वीकृत हो गया है। स्कूलों के खाते में यह धनराशि भेजी जा रही है।