स्कूल चलो अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य के शत प्रतिशत नामांकन के मामले में कालीन नगरी में 144 बच्चों की कमी रह गई है। बीते 20 मई तक दो लाख आठ हजार 521 बच्चों का नामांकन कराया गया, जबकि दो लाख आठ हजार 665 बच्चों का नामांकन कराने का लक्ष्य है। अब तक के नामांकन में जिले की रैंक भी सुधर गई है। जौनपुर को पछाड़कर जिला अब दूसरे रैंक पर पहुंच गया है। शिक्षा विभाग के मुताबिक जिले में लक्ष्य का 99.93 फीसदी बच्चों का विद्यालयों में नामांकन करा लिया गया है।
कोरोना संक्रमण के कारण वर्ष 2020 और 2021 में प्राइमरी शिक्षा पटरी से उतर गई थी। शैक्षिक सत्र 2022-23 में स्थिति सामान्य होने पर शासन ने सरकारी स्कूलों में बच्चों के अधिक नामांकन पर जोर दिया गया। इसके लिए पूर्व की तरह स्कूल चलो अभियान चलाया गया। अबकी बार प्रशासन और शिक्षा विभाग के अच्छे तालमेल संग शिक्षकों की मेहनत भी रंग लाई। इससे सत्र के पहले महीने यानि 30 अप्रैल तक के आंकड़े सुखद रहे। नए और पुराने नामांकन में भदोही ने तीसरी रैंक हासिल की, जबकि नामांकन में 20 फीसदी का ग्रोथ तय किया गया था। इस दौरान 100 से अधिक स्कूलों में लक्ष्य का 50 फीसदी भी नामांकन नहीं हो पाया था। इस पर विभागीय स्तर से शिक्षकों का वेतन भी रोका गया, लेकिन 20 मई तक स्थिति बेहतर होने पर उनका वेतन बहाल कर दिया गया। विभागीय आंकड़ों के अनुसार दो लाख आठ हजार 665 लक्ष्य की तुलना में अब तक दो लाख आठ हजार 521 नए बच्चों का विद्यालयों में नामांकन हो चुका है। प्रभारी बीएसए रमाकांत सिंह ने बताया कि 99.93 फीसदी नामांकन हो गया है। जुलाई में पढ़ाई शुरू होने से पूर्व शत प्रतिशत नामांकन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों का वेतन रोका गया था, वह बहाल कर दिया गया है।