ज्ञानपुर। कोडीनयुक्त प्रतिबंधित कफ सिरप की जांच में लगातार नई परतें खुल रही हैं। शैली ट्रेडर्स से जुड़े भदोही की एक नामजद फर्म के साक्ष्यों के आधार पर औषधि विभाग ने जिले की आठ मेडिकल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। नोटिस मिलने के बाद मेडिकल संचालकों में खलबली मची हुई है। सभी संचालक जवाब देने में पसीने छूट रहे हैं। भदोही प्रशासन इस तस्करी के मामले को गंभीरता से ले रहा है। जानकारी के अनुसार, शैली ट्रेडर्स रांची के शुभम जायसवाल से जिले की पांच फर्मों ने करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। 18 नवंबर 2025 को लखनऊ से मिली सूचना के आधार पर खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने चौरी, महराजगंज और भदोही थाने में कोडीन युक्त कफ सिरप का कारोबार करने वाली छह फर्मों के पांच संचालकों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जांच में पता चला कि ये सभी फर्में पिछले एक से दो साल से इस कारोबार में संलिप्त थीं। भदोही की महेंद्र मेडिकल एजेंसी ने औषधि विभाग को जानकारी दी, जिसमें मोढ़, सुरियावां, ज्ञानपुर और औराई की आठ मेडिकल में कफ सिरप बेचे जाने का खुलासा किया गया। औषधि निरीक्षक कुमार सौमित्र ने बताया, आठ मेडिकल को नोटिस जारी किया गया है। कुछ मेडिकल ने जवाब भेजा है। अब उसका सत्यापन किया जा रहा है। संवाद