ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति जानी। जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। खराब प्रगति वाले इंडीकेटर्स पर विशेष ध्यान देने और अधिकारियों को तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। एएनसी रजिस्ट्रेशन एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों में अपेक्षित रुचि न लेने पर सीएचसी अधीक्षक अभोली एवं डीघ को कारण बताओ नोटिस जारी किया। डीएम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जननी सुरक्षा योजना की अपेक्षित प्रगति न होने पर डीएम ने सभी एमओआईसी को हिदायत दिया। कहा कि सुधार लाएं अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के सभी एमओआईसी, आशा एवं एएनएम के साथ साप्ताहिक बैठक कर योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की सघन समीक्षा करें।
उन्होंने मातृ मृत्यु दर से संबंधित आंकड़ों एवं डेटा को पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंकड़ों में किसी प्रकार की विसंगति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बिजली, पानी एवं आवश्यक दवाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का वास्तविक लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इस मौके पर सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक आदि रहे।