पंचायत भवन निर्माण को लेकर सचिव उदासीन बने हैं। भवन निर्माण के लिए प्रथम किस्त जारी होने के बाद भी पंचायत भवन का निर्माण न कराने पर दो ग्राम पंचायत अधिकारी और प्रधानों को नोटिस जारी की गई है। गांवों को डिजिटल बनाने की मुहिम के लिए सरकार हर गांव में पंचायत भवन का निर्माण करा रही है। ग्राम प्रधान और सचिवों को इसे प्राथमिकता के साथ पूरा कराने का निर्देश भी हैं। इसके बाद भी निर्माण को लेकर उदासीनता जारी है। भदोही ब्लॉक के धसकरी गांव में धनराशि आवंटन के दो साल बाद और औराई ब्लॉक के बाबूसराय में साल भर बाद भी पंचायत भवन का निर्माण नहीं शुरू किया गया। खाते में भेजी गई धनराशि डंप पड़ी है। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी बालेशधर द्विवेदी ने दोनों ग्राम प्रधान और सचिव को नोटिस जारी किया। चेतावनी दी है कि दो दिन में कार्य न शुरू कराने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई संग आवंटित राशि को दूसरे गांव में भेज दी जाएगी।