ज्ञानपुर। सोशल मीडिया पर राजनीतिक टिप्पणी करना जिले के एक शिक्षक को महंगा पड़ गया। मामले में बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह ने शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अध्यापकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इस पर विभाग की जानकारी देने के साथ ही उनसे अपेक्षित जानकारियां मांगी जाती है। इस ग्रुप पर ज्ञानपुर ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हरिहरपुर में तैनात प्रधानाध्यापक वंश नारायण यादव ने एक दल के समर्थन में टिप्पणी कर दी थी। कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सभी अध्यापकों को चेताया कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणी से बचें अन्यथा विभाग की तरफ से सख्त कार्रवाई की जाएगी।