ज्ञानपुर। जुलाई में स्कूल खुलने के पहले परिवहन विभाग ने जर्जर स्कूली वाहनों के मामले में निजी स्कूल संचालकों पर नकेल कसने की तैयारी की है। विभाग ने 60 स्कूलों को नोटिस जारी कर खटारा वाहनों को दुरुस्त करने या बदलने का निर्देश दिया है। विभाग के अनुसार नोटिस के बाद भी अनुपालन करने वाले स्कूलों पर मान्यता निरस्त करने को शिक्षा विभाग को पत्र लिखा जाएगा।
जिले में 250 से निजी स्कूल हैं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर निजी विद्यालयों के स्कूली वाहनों के कुछ मानक निर्धारित हैं। इसके अनुसार ही स्कूल उन वाहनों का संचालन कर सकता है। स्कूली वाहन के चालक कुशल प्रशिक्षित होने चाहिए। वाहन का रंग पीले होना चाहिए। इसके अलावा बसों में प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा के इंतजाम के साथ-साथ वाहन के दोनों तरफ जालीनुमा गार्ड होना चाहिए। वहीं वाहन किसी भी हाल में खटारा या जर्जर स्थिति में नहीं होना चाहिए। जिले के तमाम स्कूलों में मानकों की अनदेखी के मामले सामने आते रहते हैं।
आगामी एक जुलाई से विद्यालय खुलेंगे। जिसको देखते हुए परिवहन विभाग ने सत्यापन के बाद 60 स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किया है। जिसमें वाहनों को दुरूस्त किए जाने का निर्देश दिया है।