ज्ञानपुर। बाबा भोलेनाथ के धाम में पहुंचकर जलाभिषेक करने में कांवड़ियों को किसी तरह की दिक्कत न होने पाए इसके लिए भदोही जिले में करीब 40 किलोमीटर तक हाईवे सुरक्षित कर दिया गया है। अब पूरे सावन भर उत्तरी लेन से कांवड़ियों का आवागमन होगा, पैदल आने-जाने वाले जा सकेंगे, लेकिन वाहन कत्तई नहीं जाएंगे। व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए जोन और पांच सेक्टर में हाइवे को बांटा गया है। पुलिस और लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज से वाराणसी हजारों की संख्या में शिवभक्त जाते हैं। रास्ते में कोई हादसा न होने पाए इसके लिए एक लेन पूरी तरह से कांवड़ियों के लिए सुरक्षित किया गया है। ऊंज से बाबू सराय तक करीब 40 किलोमीटर पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के इंतजाम रहेंगे। एक्सईएन पीडब्ल्यूडी एसबी राव ने बताया कि कुल 44 बैरियर लगाए गए हैं। सभी कट प्वाइंट को बंद कर दिया गया है। वहां बैरियर लगाकर निगरानी की जा रही है। आठ अंडर पास पर भी बैरियर लगाए जा रहे हैं। यानी अब जिसे भी वाहन से वाराणसी या प्रयागराज की ओर जाना है वह दक्षिणी लेन से ही जाएगा।