गोपीगंज ओवर ब्रिज के निचे सड़क पर खड़े आटो। संवाद
ज्ञानपुर। जिले के विभिन्न बाजारों में ऑटो स्टैंड न होने से ऑटो चालकों की मनमानी बढ़ती जा रही है। ऑटो चालक सड़कों पर जहां-तहां वाहन खड़ा कर सवारी बैठाने लगते हैं। वहीं तिराहे और चौराहे पर वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे जाम की समस्या तो होती ही है, दुर्घटना की भी आशंका बढ़ जाती है। जिले के गोपीगंज, ज्ञानपुर और भदोही जैसे बाजारों में ऑटो चालकों की सबसे ज्यादा मनमानी देखने को मिल रही है। ज्ञानपुर नगर में सुबह से ही ऑटो चालक दुर्गागंज तिराहे पर वाहन पार्क देते हैं। इस दौरान मुख्यालय की तरफ जाने के लिए लोगों की बड़ी भीड़ होती है। इससे वाहनों के भीड़ की स्थिति भी देखने को मिलती है। इसी तरह तंग गोपीगंज चौराहे और बस स्टैंड के पास ऑटो चालक सवारियों को लेकर के चक्कर में इधर-उधर वाहन खड़ा कर देते हैं। कई ऑटो चालक तो सीएचसी के ठीक सामने ही ऑटो खड़ी कर देते हैं, जिससे मरीजों को भी दिक्कत होती है। वहीं दुकानों के सामने ऑटो खड़ी करने से व्यापारियों का व्यापार प्रभावित होता है। भदोही नगर में स्टेशन रोड जैसी जगहों पर ऑटो चालकों की मनमानी लोगों की दुश्वारियां बढ़ाती है। एडीएम कुंवर वीरेन्द्र मौर्य ने बताया कि नगर पंचायतों से समन्वय बनाकर ऑटो स्टैंड के लिए जमीन तलाशने का निर्देश दिया जाएगा, जिससे कि स्थायी स्टैंड का इंतजाम हो सके।