ज्ञानपुर। जिले में मवेशियों को लंपी वायरस से बचाने के लिए शनिवार को पशुपालन विभाग के पास 71 हजार वैक्सीन की दूसरी खेप आई। लखनऊ से वैक्सीन आने के बाद जिले के 11 पशु अस्पतालों पर इसे भेजा जाएगा। चार महीने पहले 30 हजार वैक्सीन आई थी। जिले में टीकाकरण के लिए 11 टीमें गठित की गईं हैं। लंपी एक गंभीर संक्रामक बीमारी है। यह एक से दूसरे मवेशी में फैलती है। ज्यादातर गोवंश में यह बीमारी होती है। चार महीने पहले 30 हजार टीके आए थे। इसमें से 2910 टीका लग चुके हैं।
दोबारा टीके की मांग करने पर पशुपालन विभाग को 71 हजार वैक्सीन मिली हैं। जिले के पांच अस्पतालों पर 5500 और सात ब्लॉक स्तर के अस्पतालों पर 7300 वैक्सीन भेजी जाएगी। वैक्सीनेशन के लिए विभाग ने जिले में 11 टीमों का गठन किया है। वे गांव-गांव जाकर टीकाकरण का कार्य करेंगे। यह टीका उन्हीं मवेशियों को लगेगा, जिनमें लंपी के लक्षण दिखेंगे। विभाग की तरफ से इसकी मॉनीटरिंग नियमित की जाएगी।