भदोही। नगर के बड़े शॉपिंग काॅम्प्लेक्सों में आग से बचाव के इंतजाम नहीं हैं। निर्यात भवन और रजपुरा चौराहा स्थित शॉपिंग काॅम्प्लेक्सों में अग्नि सुरक्षा के उपाय न होने से जिम्मेदारों पर सवाल उठते रहे हैं। गर्मी के बीच अगर कोई अनहोनी होती है तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी, यह एक बड़ा सवाल है।
जिले में गर्मी के बीच आग की घटनाओं में इजाफा हुआ है। ग्रामीण इलाकों में आए दिन घटनाएं हो रही हैं। शहरी इलाकों में कोई बड़ी घटना नहीं हुई है, लेकिन एक माह पूर्व भदोही नगर के पोस्ट ऑफिस में लगी आग से कई महत्वपूर्ण फाइलें जल गई थीं। नगर में तमाम बड़े शॉपिंग काॅम्प्लेक्स हैं। इनमें सैकड़ों दुकानें हैं, लेकिन अग्नि सुरक्षा के उपाय नदारद हैं। नगर के स्टेशन रोड स्थित निर्यात भवन में दो बैंक शाखा, चार शिक्षण संस्थान समेत 135 व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। इसके अलावा रजपुरा चौराहे पर भी नया शॉपिंग काॅम्प्लेक्स तैयार है। इसमें करीब सवा दो सौ दुकानें हैं। हालांकि अब तक सभी दुकानों का आवंटन नहीं हुआ है, लेकिन इसके बाद भी कई दुकानें खुलने लगी हैं। बीडा के इन दोनों महत्वपूर्ण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के उपाय नदारद है। ऐसे में किसी दिन अगर कोई बड़ी घटना होती है तो निश्चित तौर पर इसका खामियाजा लोगों को भुगतान पड़ सकता है। फायर स्टेशन ऑफिसर मूंसीलाटपुर ओम प्रकाश ने बताया कि दोनों भवनों में अग्निसुरक्षा के इंतजाम कराए जाने को लेकर पत्र लिखे गए हैं। प्रपोजल भी भेजा गया है। कोशिश होगी कि दोनों जगहों पर जल्द से जल्द अग्निसुरक्षा के यंत्र लगाए जा सके।