दुर्गागंज। जिले में गोवंश की तस्करी थम नहीं रही है। हाइवे को छोड़कर अब तस्कर दुर्गागंज और सुरियावां थानाक्षेत्र के इलाके को सेफजोन बना लिए हैं। इसकी बानगी बृहस्पतिवार को सुबह देखने को मिली जब पुलिस ने एक ट्रक पर लदे 24 गाय और बछड़ा को बरामद किया। पुलिस ने सभी को अस्थाई गौशाला मसुधी में सुपुर्द किया। देर शाम तक पशु तस्करों और पुलिस के बीच शह और मात का खेल जारी रहने से लक्जरी वाहनों पर सवार होकर थाने में आए बिचौलियों ने मुकदमा दर्ज करने में बाधक बने रहे जिसको लेकर लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। क्षेत्रवासियों ने पुलिस पर सवाल उठाया है कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के समय जैसे अनलाक की सुविधा सरकार दे रही है वैसे-वैसे पशु तस्करी का खेल राजमार्ग समेत अन्य सहायक मार्गों पर गति पकड़ रहा है। दो सप्ताह पूर्व थाना औराई और ऊंज पुलिस पर आंच आने पर तस्करों ने उत्तरी सीमा की ओर रुख कर लिया। जौनपुर, प्रयागराज, वाराणसी की उत्तरी सीमा पर थाना चौरी, दुर्गागंज और सुरियावां पुलिस के साथ तस्कर आंखमिचौली खेलना शुरु कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रामजी यादव ने बताया कि भोर में जंघई से 24 पशुओं को क्रूरता पूर्वक लादकर आ रहे ट्रक की सूचना मिली। पीछा कर छनौरा के पास ट्रक समेत पशुओं को बरामद किया जा सका और तस्कर भागने में सफल रहे। मुकदमा दर्ज करने के सवाल पर पुलिस शांत रही।