उमरहा में जल जीवन मिशन की अधुरी पानी टंकी । संवाद
ज्ञानपुर। केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना के 239 परियोजनाओं के लिए बीते 17 महीने से बजट नहीं आ रहा है। इस कारण ये परियोजनाएं अधूरी हैं। परियोजनाओं को साल 2026 में पूरा करने का टाइमलाइन कार्यदायी संस्था जी इंफ्रा और वेलस्पन को मिला था। बजट नहीं मिलने के कारण अब परियोजनाओं को पूरा करने समय साल 2028 तक के लिए बढ़ा दिया गया है। भदोही जिले के कई क्षेत्रों में पानी में आर्सेनिक, आयरन और फ्लोराइड की मात्रा ज्यादा होने से लोगों को कई तरह की बीमारियां होने लगी थीं। लोगों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के लिए अगस्त 2019 में केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन की शुरूआत की थी।
पहले चरण में साल 2021 में 82 परियोजनाएं स्वीकृत हुईं। तीन चरण में अब तक 399 परियोजनाओं पर काम शुरू हुआ। बीते तीन साल तक काम तेजी से चल रहा था। अक्तूबर 2024 के बाद से बजट नहीं मिलने के कारण काम बंद हो गया है।