सर्रोई (भदोही)। भदोही कोतवाली क्षेत्र के सर्रोई बाजार के एक पंपिंग सेट के कमरे में रविवार को नौ वर्षीय बच्ची रिया सरोज का शव फंदे से लटका मिला है। वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। सूचना पर एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायान और फॉरेंसिक टीम पहुंची। साक्ष्य जुटाए गए। एसपी ने मामले की जांच की है। बच्ची ने फंदा लगा कर जान क्यों दी, इसकी वजह सामने नहीं आई है। एसपी का कहना है कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कछवा बढ़ापुर निवासी रामसागर सरोज मजदूर हैं। वह अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ सर्रोई बाजार में पंपिंग सेट के कमरे में किराये पर रहते हैं। पति-पत्नी रविवार की सुबह नौ बजे काम पर चले गए। रामसागर की 13 वर्षीय बेटी सहित तीन बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। रिया कमरे में थी। कुछ देर बाद कमरा बंद हो गया। बच्चों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन खुल नहीं सका। इसकी सूचना रामसागर को दी गई। रामसागर ने पुलिस बुलाई। पुलिस बांस की सीढ़ी के सहारे कमरे के ऊपरी हिस्से में टिनशेड तक पहुंची, फिर टिनशेड को हटा कर कमरे में गई।
पुलिस के मुताबिक, रिया का शव कमरे के अंदर लोहे के एंगल में साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। भदोही कोतवाली पुलिस ने मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक और एएसपी डॉ तेजबीर सिंह को दी, फिर शव को फंदे से नीचे उतारा। कमरे के बाहरी दरवाजे पर दिल के दो निशान बने थे। बच्ची की मौत से माता-पिता की हालत बेसुधों जैसी थी। भाई-बहनों का भी रो-रोकर हाल खराब रहा।
कोट
बच्ची ने फंदा क्यों लगाया, इसकी जांच की जा रही है। कारण तलाशना जरूरी है। दरवाजे के बाहर बने दिल के निशान को भी जांच में शामिल किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. तेजबीर सिंह, एएसपी