ज्ञानपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदाता दिवस के मौके पर बुधवार को जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की। इस दौरान कुल नौ यूनिट रक्तदान किया गया, जबकि 12 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराए। शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीबी प्रसाद ने फीता काटकर किया।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने रक्तदान की अहमियत बताई। कहा कि दान कई प्रकार के होते हैं। मसलन, मतदान, अन्नदान, अंगदान आदि। लेकिन, रक्तदान इनमें सबसे महत्वपूर्ण है। दूसरे किस्म के दान में के लिए समय मिल सकता है, लेकिन किसी का रक्तदान आपातकालीन स्थिति में काम आता है। इससे नया जीवन दिया जा सकता है। हमें रक्तदान के लिए आगे आने के साथ-साथ लोगों को प्रेरित भी करना चाहिए। इसके बाद उन्होंने ब्लड बैंक में जाकर रक्तदान कर रहे लोगों से हालचाल लिया और रक्तदान के प्रति उनके उत्साह को बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में जो भी भ्रांतियां हैं, उन्हें खत्म करने की जरूरत है। रक्तदान से कोई कमजोरी नहीं होती। रक्तदान के बाद एक-दो दिन में आदमी पहले जैसा महसूस करने लगता है और निकाले गए रक्त की भरपाई शरीर 120 दिन में कर लेता है। शरीर में स्वत: रक्त का निर्माण होता रहता है। रक्तदान शिविर में जिले के विभिन्न हिस्सों से आए 12 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इनमें से नौ लोगों को रक्तदान के लिए उपयुक्त पाया गया। रक्तदान के बाद रक्तदाताओं को जूस और रसगुल्ले आदि वितरित किए गए। इस रक्त को ब्लड बैंक में सुरक्षित रख लिया गया है। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. महेंद्र कुमार ने रक्तदाताओं का रजिस्ट्रेशन किया। इस मौके पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एसपी सिंह, डॉ. अंजनी कुमार, एचके त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। इस दौरान रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र वितरित किया गया। समाजसेवी शाहिद रजा रिजवी ने रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र दिया।
ये रहे महादानी
ज्ञानपुर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से कराए गए रक्तदान शिविर में बुधवार को हरिकरनपुर के राम सिंह, मोढ़ के राज नारायण यादव, मेन रोड भदोही के गौरव जैन, हाली जैन, घमहापुर महाराजगंज के सत्य प्रकाश त्रिपाठी, परसीपुर के प्रमोद सिंह, चौरी के दिनेश यादव, पुलिस लाइन ज्ञानपुर के कांस्टेबल विद्यासागर और सागर यादव ने रक्तदान किया।
--