करीब दो दशक पूर्व भदोही जिले में शामिल जौनपुर जिले के निगोह को दोबारा तहसील बनाकर भदोही में शामिल करने की मांग जोर पकडने लगी है।
सोमवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मिलकर राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। पत्रक में निगोह को दोबारा तहसील बनाकर भदोही में शामिल करने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि 30 जून 1994 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने भदोही को जनपद बनाने के बाद जौनपुर के पांच थानाक्षेत्र रामपुर, मीरगंज, नेवढिय़ा, बरसठी, सुरेरी को निगोह तहसील के अंतर्गत कर भदोही में शामिल किया था।
राजनीतिक उठापठक के बाद उक्त इलाकों को दुबारा जौनपुर जिले में शामिल कर दिया गया। इससे भदोही जिला छोटे इलाके में सिमटकर रह गया।
क्षेत्रफल अधिक होने से जौनपुर का उक्त इलाका आज भी विकास से जहां अछूता है वहीं अन्य समस्याओं से लोगों को जूझना पड़ रहा है। निगोह से जुड़ा इलाका भदोही से सटा है जबकि जौनपुर से काफी दूर है।
पत्रक में मुख्यमंत्री और राज्यपाल से मांग की गई है कि निगोह तहसील को पुन: बहाल कर भदोही में शामिल किया जाए। इस मौके पर डिबाए अध्यक्ष सुधाकर पांडेय,
सुशील कुमार चौबे, हंसाराम शुक्ला, मोहन लाल मिश्रा, धीरज शुक्ल, मजहर शकील, विजय नारायण पांडेय, बलराम पांडेय आदि मौजूद रहे।